मौत का मंगलवार: महराजगंज में तीन हादसों ने छह परिवारों को दिया जिंदगीभर का दर्द
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में मंगलवार का दिन कई परिवारों के लिए काल बनकर आया। निचलौल, घुघली और नौतनवा थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग हादसों में चार युवकों, दो वर्षीय मासूम समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसों की खबर से संबंधित परिवारों में चीख-पुकार मच गई। निचलौल थाना क्षेत्र के सिंदुरिया-निचलौल मार्ग पर दमकी गांव के पास बाइक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पचमा गांव निवासी सन्नी (22), शिव (18), विवेक (20) और संतोष (19) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि चारों एक ही परिवार से थे और बर्थडे पार्टी में शामिल होने निचलौल शहर जा रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी निचलौल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं घुघली थाना क्षेत्र के ढेकही गांव में स्कूली वाहन की चपेट में आने से दो वर्षीय पुल्लू उर्फ निहाल की मौत हो गई। मासूम अपने दरवाजे पर दादी के पास खेल रहा था। घायल अवस्था में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निहाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बदहवास हो गई और मोर्चरी के गेट पर बिलखती नजर आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति संभाली। उधर, नौतनवा थाना क्षेत्र में मॉडर्न स्कूल के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी है। मंगलवार को छह मौतों से पूरे जिले में शोक का माहौल रहा।
यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग न्यूज़ : बनैलिया माता रोहिन बैराज में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, मचा हड़कंप