Maharajganj

बारावफात को लेकर महराजगंज पुलिस हाई अलर्ट, 440 जुलूसों पर पैनी नजर; ड्रोन-CCTV से निगरानी

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: बारावफात/ईद-मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन सहित आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। 26 अगस्त को जिले में 440 जुलूसों को लेकर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार शाम जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने परतावल बाजार में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। डीएम ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने और निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और नमाज स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ शरारती तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। पुलिस के अनुसार सभी जुलूसों के निर्धारित मार्गों का पूर्व में निरीक्षण किया जा चुका है। धार्मिक स्थलों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रहेगी। ड्रोन कैमरा, CCTV, वीडियोग्राफी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

440 जुलूसों के लिए सुरक्षा का व्यापक इंतजाम

प्रत्येक जुलूस के लिए थाना क्षेत्रवार पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। यातायात व्यवस्था, बिजली के तारों और भीड़ से जुड़े संभावित जोखिमों को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। गैर-परंपरागत मार्ग, आपत्तिजनक नारेबाजी, अफवाह और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था में 10 निरीक्षक, 23 उपनिरीक्षक, 70 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 21 महिला पुलिसकर्मी, दो प्लाटून पीएसी और पांच फायर टेंडर लगाए गए हैं। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने सोशल मीडिया और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों, जुलूस आयोजकों, मौलवियों और धर्मगुरुओं से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों ने आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।

यह भी पढ़ें : मौत का मंगलवार: महराजगंज में तीन हादसों ने छह परिवारों को दिया जिंदगीभर का दर्द