नेपाल में बाढ़ का तांडव, गंडक के उफान का खतरा; महाराजगंज में हाई अलर्ट
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो- : नेपाल में बुधवार को अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तिब्बत की ओर से आए तेज जलप्रवाह के बाद रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी उफान पर आ गई। तिमुरे और स्याफ्रुबेसी क्षेत्र में बाढ़ के तेज बहाव में सड़कें और पुल बह गए। कई वाहन भी पानी के सैलाब में बह गए। नेपाल में बिगड़े हालात के बीच अब भारत-नेपाल सीमा से सटे महाराजगंज में भी चिंता बढ़ गई है। नेपाल के रसुवा जिले में अचानक आई फ्लैश फ्लड के बाद हालात गंभीर हो गए हैं। भोटेकोशी नदी में अचानक बढ़े जलस्तर से तिमुरे और स्याफ्रुबेसी इलाके में व्यापक नुकसान हुआ है। अब तक आठ लोगों की मौत और करीब 150 लोगों के रेस्क्यू की सूचना सामने आई है। वहीं 291 विदेशी पर्यटकों के लापता होने की जानकारी है, जिनमें 105 भारतीय पर्यटक भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। बाढ़ के तेज बहाव में कई सड़कें और पुल बह गए। वाहनों के भी पानी में बहने की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। तिब्बत की ओर से अचानक आए जलप्रवाह ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।नेपाल में बढ़े जलप्रवाह का असर आगे भोटेकोशी-त्रिशूली नदी तंत्र के जरिए गंडक और नारायणी नदी पर पड़ने की आशंका है। इसे देखते हुए महाराजगंज जिला प्रशासन ने गंडक नदी के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी बढ़ा दी है। नदी तटीय और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में आई आपदा पर चिंता जताते हुए सभी की कुशलता की प्रार्थना की और सीमावर्ती जिलों में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें : Road accident: डम्फर की चपेट में चार युवकों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने लगाया जाम