नेपाल के बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया प्रेस क्लब ऑफ महाराजगंज, प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा किए 51 हजार रुपये
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रेस क्लब ऑफ महाराजगंज ने मानवीय पहल करते हुए आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मिलकर नेपाल के प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष में 51 हजार रुपये की सहायता राशि जमा कराई है। सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ महाराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल नेपाल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल को बैंक में जमा कराई गई सहायता राशि का बैंक वाउचर सौंपा। इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और प्राकृतिक आपदा ने बड़े पैमाने पर जन-धन की क्षति पहुंचाई है। ऐसे कठिन और दुखद समय में पड़ोसी देश के आपदा प्रभावित नागरिकों तक भारतीय पत्रकारों की ओर से सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से यह छोटी सी पहल की गई है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही बाढ़ और आपदा में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल ने प्रेस क्लब ऑफ महाराजगंज के पत्रकारों द्वारा नेपाल के प्रधानमंत्री राहत कोष में सहायता राशि जमा किए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस पहल को भारत-नेपाल के आपसी भाईचारे और मानवीय रिश्तों की मजबूत मिसाल बताया। इस अवसर पर लुम्बिनी प्रेस क्लब रुपन्देही के अध्यक्ष कमल रायमाझी सहित भारत और नेपाल के कई पत्रकार मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : नेपाल में बाढ़ का तांडव, गंडक के उफान का खतरा; महाराजगंज में हाई अलर्ट