रक्षक ही बना भक्षक: धरमौली पंचायत भवन से सरकारी सामान गायब, पंचायत सहायक पर FIR दर्ज
ग्राम प्रधान की तहरीर पर बीएनएस की धारा 316(4) के तहत मुकदमा दर्ज, चौक पुलिस कर रही जांच
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- चौक थाना क्षेत्र के धरमौली गांव स्थित ग्राम पंचायत भवन से कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर, बैटरी, इनवर्टर समेत अन्य सामान गायब होने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान नरसिंह कुमार की तहरीर पर चौक पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर के मुताबिक, ग्राम प्रधान ने बताया कि छह अक्टूबर 2026 को वह किसी आवश्यक कार्य से पंचायत भवन से बाहर गए थे। वापस लौटने पर भवन में रखा कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर मशीन, बैटरी, इनवर्टर और अन्य सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई। शिकायत में ग्राम पंचायत सहायक जयराम के पुत्र पर पंचायत भवन से सरकारी सामान ले जाने और उसे महराजगंज स्थित आरजे प्रिंटर नामक दुकान पर बेचने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित व्यक्ति की भूमिका जांच का विषय है। चौक थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : Maharajganj : भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत, ट्रक चालक फरार