संघर्ष से सफलता: अंडे की दुकान चलाने वाले के बेटे इमामुद्दीन ने रचा इतिहास, UP पुलिस में चयन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, इसे साबित कर दिखाया है महराजगंज के इमामुद्दीन अंसारी ने। पिता अब्दुलसत्तार अंसारी अंडे की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, लेकिन इमामुद्दीन के सपनों को गरीबी और असफलताएँ रोक नहीं सकीं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। किसान आदर्श इंटर कॉलेज (बेलवा) से स्नातक करने के बाद इमामुद्दीन ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। एक्सीलेंस लाइब्रेरी, चिउटहा में वह रोजाना 12 से 15 घंटे पढ़ाई करते थे। प्रतियोगी परीक्षाओं में कई बार बेहतरीन प्रदर्शन करने के बावजूद मेडिकल टेस्ट में मिली असफलता से वे निराश जरूर हुए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपना प्रयास जारी रखा।संस्थान के निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि इमामुद्दीन अत्यंत होनहार, मेहनती और हंसमुख स्वभाव के हैं। वह जिले स्तर की परीक्षाओं में कई बार प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा भी सम्मानित हो चुके हैं। इमामुद्दीन की इस सफलता पर उनके परिवार, लाइब्रेरी के संचालक अविनाश श्रीवास्तव और साथी छात्रों में भारी उत्साह है। उनकी यह कहानी साबित करती है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास से हर कठिन मुकाम हासिल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : संचारी रोग अभियान में लापरवाही बरतने पर दो सफाईकर्मी निलंबित