सिसवा में प्रशासन का फ्लैग मार्च, विसर्जन मार्गों का लिया जायजा
मिस्कारी मोहल्ले समेत संवेदनशील इलाकों में पुलिस व प्रशासन की पैदल गश्त, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- आगामी त्योहारों और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महराजगंज प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में सिसवा कस्बे में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पैदल फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।एसडीएम अवनीश त्रिपाठी, सीओ, तहसीलदार अमित सिंह और कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने सिसवा के मिस्कारी मोहल्ला समेत मूर्ति विसर्जन के प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विसर्जन मार्गों और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रत्येक मूर्ति के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं, सोशल मीडिया पर साइबर सेल की पैनी नजर रहेगी। अफवाह फैलाने और भ्रामक पोस्ट के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।
यह भी पढ़ें : महराजगंज जिला अस्पताल में दलालों का कथित नेटवर्क! डॉक्टरों के चैंबर तक बाहरी मेडिकल स्टोर संचालकों की पहुंच