Maharajganj

महराजगंज में 11 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा, 4872 अभ्यर्थी होंगे शामिल; सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट

 

तीन तिथियों पर दो-दो पालियों में होगी परीक्षा, अपर पुलिस अधीक्षक ने बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4,872 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों में डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, श्री शिवपत सिंह इंटर कॉलेज, सेठ आनंद राम जयपुरिया इंटर कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, महराजगंज इंटर कॉलेज, एमएलएस इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज और जीएसवीएस इंटर कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थान शामिल हैं। इधर, परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने पुलिस लाइन सभागार में क्षेत्राधिकारी सदर और फरेंदा की मौजूदगी में बैठक की। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और जाम से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को आमजन के आवागमन को भी निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ जोनल मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।

यह भी पढ़ें : सिसवा में प्रशासन का फ्लैग मार्च, विसर्जन मार्गों का लिया जायजा