Maharajganj

महराजगंज: खेत में मिला 18-19 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी; एएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

 

परसा मलिक थाना क्षेत्र के सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास गांव का मामला, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के परसा मलिक थाना क्षेत्र के सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर की सुबह परसा मलिक थाने पर खेत में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शिवनंदन गुप्ता पुत्र रामाचल गुप्ता, निवासी सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष बताई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। वहीं, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गांव में घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

यह भी पढ़ें : नाबालिगों के हाथ में बाइक-स्कूटी मिली तो होगी कार्रवाई, 181 वाहन सीज