International

नेपाल की राजधानी काठमांडू में राजस्थान के पांच पर्यटकों से मारपीट के बाद लूट

 

नेपाल से लौटने के बाद सोनौली में पर्यटकों ने बताई आपबीती, मचा हड़कंप 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- 

नए साल पर भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नेपाल में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी चल रही है। पयर्टकों की सुरक्षा का भी दावा किया जा रहा है लेकिन नेपाल की राजधानी काठमांडू में सैर सपाटे के लिए  गए राजस्थान के पांच पर्यटकों के साथ मारपीट व लूटपाट की गई। नेपाल से वापस लौटने के बाद पर्यटकों ने भारत की सोनौली पुलिस व नेपाल के बेलहिया पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की।उन्होंने कहा कि पयर्टकों के साथ इसी तरह की घटनाएं होती रहीं तो नेपाल में सैर सपाटा पर जाने के पहले सुरक्षा को लेकर सोचना पड़ेगा। 
कोरोना काल के बाद नेपाल में भारतीय पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। नए साल पर भारतीय पर्यटक इन दिनों नेपाल के पोखरा और काठमांडू शहर में घूमने के लिए जा रहे हैं। इसी के साथ नेपाल में भारतीय पर्यटकों के साथ मारपीट व लूटपाट की भी घटनाएं सीमा पार से आने लगी हैं। नेपाल की राजधानी काठमांडू से लौटे राजस्थान के पांच पर्यटकों की आपबीती सुन सोनौली में लोग अवाक रह गए। मैत्री संगठन के पदाधिकारी भी सोचने को मजबूर हो गए। राजस्थान के पांच पर्यटकों ने बताया कि वह सभी 22 तारीख को नेपाल में सैर सपाटा के लिए रवाना हुए थे। पोखरा के बाद 23 तारीख को काठमांडू पहुंचे।वहां 10-12 की संख्या में नेपाली लोग पहुंचे और होटल के कमरे में ले जाकर उन्हें बंद कर दिया। उनके साथ मारपीट भी की गई और पास में रखे नगदी सहित मोबाइल से भी पैसे ट्रांसफर कर लिए गए। किसी तरह जान बचाकर सभी भारतीय सीमा के सोनौली पहुंचे। सोनौली पुलिस को तहरीर देकर पीड़ितों ने कार्यवाही की मांग की है। सवाल यह है कि एक तरफ नेपाल पर्यटन विभाग भारतीय पर्यटकों को नए साल पर ढेर सारी सुविधाएं देने की बात कह रहा है तो वहीं दूसरी तरफ नेपाल में पर्यटक लूटपाट का शिकार हो रहे हैं। अब देखना यह है कि भारत और नेपाल का प्रशासन इन पीड़ितों को किस तरह न्याय दिला पाएगा।

यह भी पढ़ें : इंडो नेपाल के अफसरो की बैठक मे नो मैंस लैंड, अतिक्रमण, तस्करी, आईसीपी निर्माण पर हुई चर्चा,नगर निकाय चुनाव के दृष्टिगत सरहद पर सतर्कता बरतने की बनी सहमति